
उदयपुर जिले के खेरवाड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लेखा शाखा के कमरे की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय कार्यालय में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन संयोगवश लेखा शाखा में कार्यरत कर्मचारी हादसे से कुछ ही सेकंड पहले किसी काम से दूसरे कमरे में चले गए थे। इसी कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लास्टर गिरते ही तेज आवाज हुई, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मचारी और मरीज घबरा गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में कमरे में लगा सीलिंग फैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कुर्सियां और अन्य सामान भी टूट गए। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यदि कर्मचारी अपनी सीट पर मौजूद होते तो बडा हादसा हो सकता था। घटना के बाद अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल भवन के जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और अस्पताल भवन की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।