आवाज़ हम सबकी
जयपुर पुलिस ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अनोखी पहल करते हुए सड़कों पर साइकिल गश्त अभियान चलाया। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अपनी लग्जरी गाड़ियों को छोड़ साइकिल का सहारा लिया और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने के साथ ईंधन बचाने का संदेश दिया। अभियान में डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा, एडीसीपी बजरंग सिंह, एडीसीपी नीरज पाठक, पीयूष कविया, एसएचओ राकेश ख्यालिया और राजेश गौतम सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने पुराने शहर के प्रमुख बाजारों और कॉलोनियों में साइकिल से गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और साथ ही पेट्रोल-डीजल की बचत के जरिए पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिटनेस और ईंधन बचत को लेकर दिए गए संदेश को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। साइकिल गश्त के दौरान बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोगों ने पुलिस अधिकारियों की इस पहल की सराहना की। पुराने शहर में जब पुलिस अधिकारी साइकिल पर नजर आए तो लोगों में उत्साह देखने को मिला। जयपुर पुलिस का यह जनजागरूकता अभियान अब शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के दौरान कई नामी कंपनियों के उत्पाद अमानक और अनसेफ पाए जाने के बाद फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने मिक्स नमकीन, रोस्टेड चना और घी के कई बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि मार्च और अप्रैल माह में विभिन्न जिलों से फूड प्रोडक्ट्स के सैंपल लिए गए थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद अमानक पाए गए उत्पादों पर कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि बीकानेर की फर्म हैप्पी पूजा पापड़ भंडार और मैसर्स बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड की ऑल इन वन नमकीन कुछ-कुछ के एक बैच को बैन किया गया है। इसके अलावा डबरा ग्वालियर की किचन किंग निर्माता फर्म के रोस्टेड चना और जयपुर की श्री अनु मिल्क प्रोडक्ट्स लिमिटेड वीकेआईए के घी बिलोना के एक बैच पर भी रोक लगाई गई है। विभाग की जांच में कई अन्य उत्पाद भी अनसेफ पाए गए हैं। इनमें डी-मार्ट प्रीमिया ब्रांड की काली मिर्च, बालाजी फूड हिसार का ग्रीन चिली सॉस चार्ली, महावीर फूड बनासकांठा का काऊ घी, मधु सरस और डेयरी ब्राइट ब्रांड के घी सहित कई उत्पाद शामिल हैं। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार सैंपलिंग और जांच अभियान जारी रहेगा।
960 करोड़ रुपए के जेजेएम घोटाले में रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल की पेशी एक बार फिर एसीबी कोर्ट में हुई, जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस दौरान एसीबी ने कोर्ट से दो दिन की और पीसी रिमांड की मांग की थी, लेकिन सुबोध अग्रवाल ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने एसीबी की मांग को खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पेशी के दौरान सुबोध अग्रवाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कोर्ट में एक एप्लिकेशन देकर खुद को जेल में खतरा बताया और अलग सेल में रखने की मांग की। सुनवाई के दौरान उन्होंने एसीबी अधिकारियों से यह भी सवाल किया कि आखिर मीडिया में यह क्यों कहा जा रहा है कि उन्होंने पूछताछ में सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट किया जाए कि उन्होंने किन सवालों के जवाब नहीं दिए हैं। गौरतलब है कि मंगलवार शाम पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। हालांकि जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गई। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
राजस्थान में एक बार फिर रसोई का बजट बिगड़ने वाला है। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन ने मंगलवार देर शाम सरस घी की कीमतों में 20 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है, जो बुधवार से लागू हो गई है। नई दरों के मुताबिक, अब सरस का एक लीटर सामान्य घी 551 रुपए से बढ़कर 571 रुपए में मिलेगा। वहीं एक लीटर गाय का घी 570 रुपए की जगह 590 रुपए में मिलेगा। इसके अलावा बड़े पैक पर भी कीमतें बढ़ाई गई हैं। इसी तरह 5 लीटर का टिन पैक 2740 रुपए में मिलता था। अब यह बढ़कर 2840 रुपए हो गया है। 15 किलोग्राम का टिन पैक जो पहले 9345 रुपए में मिलता था, अब 9495 रुपए में मिलेगा।सरस के घी के दामों में इस साल में ये दूसरी बार बढ़ोतरी की है। इससे पहले आरसीडीएफ प्रबंधन ने 2 जनवरी को घी के दामों में 20 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की थी। हालांकि उस समय केवल 15 किलोग्राम टिन पैक पर दरे बढाई गयी थी। जबकि अन्य दूसरी पैकिंग वाले घी के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस के पहुंचने के बाद देश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को दिल्ली स्थित उनके आवास पर असम पुलिस की टीम पहुंची, हालांकि उस समय पवन खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोल दिया है। दरअसल, यह पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। खेड़ा ने दावा किया कि उनकी पत्नी के पास विदेशी पासपोर्ट हैं और विदेशों में संपत्ति भी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके समर्थकों को विदेश से ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जो इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकते हैं। इन आरोपों के बाद असम पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा असम चुनाव में हार के डर से बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने के बजाय पुलिस और सरकारी एजेंसियों के सहारे विपक्ष पर दबाव बना रही है। अशोक गहलोत ने इसे कायराना हरकत बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन दबावों से डरने वाली नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि असम की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। वहीं दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं, जिनका उद्देश्य जनता को गुमराह करना है। सरमा ने साफ किया कि वे और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों में पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी दोनों तरह के मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। फिलहाल इस पूरे मामले ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।
You've reached the end