
उदयपुर शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल उदीयापोल बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह मंदिर के अंदर हुई चोरी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे से 7 बजे के बीच एक अज्ञात चोर उदय बाल वीर हनुमान मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और वहां लगी साउंड मशीन चोरी कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चोरी हुई साउंड मशीन की कीमत करीब 15 हजार से 20 हजार रुपए के बीच है। सुबह मंदिर पहुंचे लोगों को जब मशीन गायब मिली तो घटना की जानकारी सामने आई, जिसके बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों और मंदिर से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि उदीयापोल बस स्टैंड जैसा भीड़भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद मंदिर के भीतर चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने सूरजपोल थाना पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही और जांच में ढिलाई बरती जा रही है। मंदिर में चोरी की घटना के बाद इलाके में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

13 May 2026