
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र के मदारड़ा कट के पास हुआ, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की बॉडी पूरी तरह पिचक गई और चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे में बाडमेर जिले के निवासी 25 वर्षीय राहुल जाट की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रेलर भी सड़क किनारे उतर गया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस के मुताबिक राहुल कार से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज गति के कारण कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और डिवाइडर पार करते हुए रॉन्ग साइड पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और गोगुंदा थाने के एएसआई भरत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया और शव को गोगुंदा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। वहीं ट्रेलर को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

13 May 2026