
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर एसीबी को यह बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार राज्य बीमा विभाग में कार्यरत यूडीसी शेखर मथुरिया पर परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप था। परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि आरोपी सरकारी शिक्षिका के डेथ क्लेम को पास करने और अधिक राशि का बिल तैयार करवाने के बदले 7 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान आरोपी और परिवादी के बीच 1 लाख 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। एसीबी सीआई सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यूडीसी शेखर मथुरिया को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी से रिश्वत की राशि बरामद की और मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। ट्रैप की खबर मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल है या नहीं। एसीबी अब आरोपी की संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

13 May 2026