
देशभर में चर्चा का विषय बने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी और देहात जिला कांगेेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में चेतक सर्कल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि एनटीए की निष्क्रियता और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की लापरवाही के कारण पेपर लीक जैसी गंभीर घटना हुई है। उन्होंने कहा कि देशभर में नीट परीक्षा देने वाले करीब 22 लाख छात्र आज असमंजस और निराशा की स्थिति में हैं और उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने मांग की कि एनटीए को तत्काल भंग किया जाए, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस व्यवस्था लागू की जाए। वहीं उदयपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने भी केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि पूर्व में किसी सरकार के दौरान पेपर लीक हुआ तो कानून ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की, लेकिन वर्तमान सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए पार्टी सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी।

13 May 2026