
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति के साथ कथित रूप से शादी के नाम पर धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पत्नी की मृत्यु के बाद एक महिला और उसके कथित सहयोगियों ने उससे नाता विवाह कर विश्वास हासिल किया और बाद में लाखों रुपए तथा जेवरात लेकर अलग हो गए। पुलिस के मुताबिक सुखेर हवा मंगरी निवासी रामलाल सुधार ने बाउड़ी देवी, मंजू जांगिड़, जगदीश जांगिड़, शांता उर्फ शांति देवी और जेठाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि साल 2021 में पत्नी के निधन के बाद उसकी पहचान बाउड़ी देवी से हुई, जो उस समय उसके घर के सामने किराए के मकान में रहती थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच परिचय बढ़ा और बाद में विवाह का प्रस्ताव रखा गया। पीड़ित का आरोप है कि 15 नवंबर 2021 को नाता विवाह कराया गया, जिसमें कुछ लोगों ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। विवाह के बाद शुरुआती कुछ माह तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में महिला का व्यवहार बदल गया। शिकायतकर्ता के अनुसार वह अक्सर विवाद करती, घर छोड़कर चली जाती और विभिन्न जरूरतों का हवाला देकर पैसों की मांग करती थी। इस दौरान उससे लाखों रुपए लिए गए। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि अगस्त 2024 में महिला अपने पीहर चली गई और वापस नहीं लौटी। इसके बाद घर की जांच करने पर करीब 25 तोला सोने के जेवर गायब मिले। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूछने पर महिला ने जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार की और बाद में बेटी के नाम प्लॉट और मकान खरीदने की शर्त रखी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसे झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सुखेर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।

02 Jun 2026