
उदयपुर के जेपी ऑर्थाेपेडिक हॉस्पिटल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट और हंगामे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बुधवार को शहर के सभी चिकित्सक संगठनों ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज में बैठक कर कड़ा विरोध जताया। इसके बाद डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस ने अब तक 9 लोगों को हिरासत में लिया है और मामले में जांच जारी है। - उदयपुर के जेपी अस्पताल में सड़क हादसे में घायल कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ने पर एएसपी उमेश ओझा सहित तीन थानों के जाब्ते ने मामला संभाला। बाद में घायल को गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात सूचना मिली थी कि जेपी ऑर्थाेपेडिक हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद डॉक्टरों की ओर से लिखित शिकायत दी गई, जिसमें इलाज में कथित लापरवाही को लेकर अस्पताल में तोड़फोड़ और डॉक्टरों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और कानून व्यवस्था संभाली गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा राजस्थान चिकित्सा सेवा व्यक्ति और चिकित्सा सेवा संस्थान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 9 लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इस मामले में मरीज के परिजनों द्वारा भी पुलिस में एक परिवाद दिया गया है जिसमें डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। उसकी भी जांच की जा रही है। मंगलवार देर रात जेपी ऑर्थाेपेडिक हॉस्पिटल में हुए हंगामे के बाद बुधवार को चिकित्सक समुदाय में गहरा आक्रोश देखने को मिला। आरएनटी मेडिकल कॉलेज में विभिन्न चिकित्सक संगठनों के पदाधिकारियों ने बैठक कर घटना की निंदा की और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इसके बाद डॉक्टरों का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इधर घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में कुछ लोग अस्पताल परिसर में हंगामा करते और फर्नीचर उठाकर डॉक्टरों की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर आनंद गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में ही डॉक्टर जेपी शर्मा को गले से पकड़कर घसीटा गया। उन्होंने कहा कि बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर डॉक्टर्स में काफी आक्रोश देखने को मिला। डॉक्टर्स का एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी अमृता दुहन से मुलाकात कर पुरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। डॉं आनंद गुप्ता ने बताया कि एसपी ने उन्हे आश्वासन दिया है कि इस मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन कर सभी दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाही की जायेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं हादसे में घायल कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन को बेहतर उपचार के लिए गीतांजलि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि उन्हें होश आ गया है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। वही एसपी के आश्वासन के बाद अब डॉक्टस एसोसिएशन जो पांच दिन का कार्य बहिष्कार का एलान किया था उसे भी वापस ले लिया है।

02 Jun 2026