
बिजनोल-पाखंड मार्ग पर स्थित तकड़ियों का गुड़ा मंडी के पास का खतरनाक मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। 31 मई 2026 को हुए सड़क हादसे में आकोदड़ा निवासी बाबूलाल मेघवाल की मौत के बाद ग्रामीणों ने इस स्थान पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग तेज कर दी थी। अब न्यूज 91 द्वारा प्रमुखता से मुद्दा उठाए जाने के बाद विभाग हरकत में आया है। मौके पर विभाग द्वारा चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं और एक स्पीड ब्रेकर का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। लेकिन ग्रामीण इस व्यवस्था को अपर्याप्त मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह मोड़ अत्यंत खतरनाक है और यहां एक नहीं बल्कि तीन स्पीड ब्रेकर लगाए जाने चाहिए, ताकि वाहन चालकों की गति नियंत्रित हो सके और भविष्य में हादसों को रोका जा सके। ग्रामीणों के मुताबिक इस विकट मोड़ पर पूर्व में भी 35 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद लंबे समय तक यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। बाबूलाल मेघवाल की मौत के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। मड़ियाना प्रशासक भरत सिंह चुंडावत के साथ समाजसेवी प्रवीण सिंह चुंडावत, रघुवीर सिंह, किशन सिंह, मनीष वैष्णव, रतनलाल, अरविंद सिंह, लोकेश गुर्जर, चम्पालाल, सुरेंद्र सिंह, दलपत सिंह, जीवन सिंह तथा गो-रक्षक प्रवीण सिंह चुंडावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर तीन स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तीनों स्पीड ब्रेकर नहीं लगाए जाते, तब तक इस दुर्घटना संभावित क्षेत्र में लोगों की जान जोखिम में बनी रहेगी। अब सभी की नजर विभाग के अगले कदम पर टिकी हुई है।