
लेकसिटी में पारस तिराहे से कलेक्ट्रेट निवास तक बन रहा एलिवेटेड रोड एक बार फिर चर्चा में है। जैसे ही देहलीगेट से अश्विनी बाजार की तरफ एक एप्रोच रोड यानी नया रास्ता निकालने की बात सामने आई, अश्विनी बाजार के व्यापारियों ने विरोध का झंडा बुलंद कर दिया। व्यापारियों का तर्क है कि अश्विनी बाजार का इतिहास शहर की प्राचीन प्राचीर की खाई से जुड़ा हुआ है, जिसे पहले 'खाई बाजार' भी कहा जाता था। मौजूदा सड़क की चौड़ाई महज 57 फीट बताई जा रही है और एलिवेटेड रोड से 50 फीट चौड़ी सड़क इधर उतारना प्रस्तावित है। ऐसे में सड़क के दोनों तरफ जगह न के बराबर बचेगी, जिससे बाजार का व्यापार पूरी तरह प्रभावित होगा। इसके अलावा, पुरानी खाई के ऊपर भारी यातायात के दबाव से हर वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी। पूर्व में भी खाई के ऊपर का फुटपाथ धंस चुका है और गाड़ियां फंसने की घटना हो चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में भी इस प्रस्ताव का विरोध किया जा चुका है। अब व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मिलकर इस फैसले को वापस लेने और बाजार के अस्तित्व को बचाने के लिए वार्ता की रणनीति बनाई है।

25 Sept 2026