
राज्य में 14 से 30 सितंबर तक चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में उदयपुर और खेरवाड़ा आबकारी निरोधक टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। प्रहराधिकारी करणी सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे पर एक टाटा ट्रक को रोका गया। सघन तलाशी के दौरान पाया गया कि ग्रेनाइट की स्लेबों के बीच 8 गुप्त चैंबर बनाकर अवैध अंग्रेजी शराब छुपा कर रखी गई थी। टीम ने मौके से चंडीगढ़ सप्लाई मार्क की विभिन्न ब्रांड्स की 240 बोतलें, पव्वे और बियर कैन जब्त किए हैं। मामले में केकड़ी निवासी अभियुक्त सुरेश बैरवा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
25 Sept 2026