
डूंगरपुर जिले के आदर्श गांव बेडसा निवासी 21 वर्षीय पंकज कटारा अपनी 19 वर्षीया पत्नी पायल के साथ मंगलवार शाम बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे धंबोला कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही धंबोला थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सीमलवाड़ा सीएचसी पहुंचाया। जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद पायल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पंकज को गुजरात के मोडासा रेफर किया गया। परिजनों द्वारा मोडासा ले जाने के दौरान मंगलवार देर रात इलाज के दौरान पंकज ने भी दम तोड़ दिया। महज तीन महीने पहले ही जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं और शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां एक ही झटके में मातम छा गया। मृतक पंकज के पिता की भी दो साल पहले एक हादसे में मौत हो चुकी थी, ऐसे में इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बुधवार को दिनभर परिजनों और ग्रामीणों के बीच समझौते की बातचीत के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। धंबोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करते हुए कानूनी जांच शुरू कर दी है।

25 Sept 2026