
झीलों की नगरी उदयपुर में अक्टूबर का आधा महीना बीतने के बावजूद गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। आमतौर पर अक्टूबर में मौसम सुहावना होने लगता है, लेकिन इस बार तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर में दिन का अधिकतम तापमान लगातार 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। इसके चलते दोपहर के समय गर्मी का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। वहीं, रात के तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 12 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो महज छह दिनों में 4.4 डिग्री बढ़कर 21.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात के तापमान में हुई इस बढ़ोतरी से लोगों को सुबह और देर रात भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में तेज धूप और रात में उमस के कारण आमजन परेशान हैं। लोगों को उम्मीद थी कि अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में मौसम ठंडा होगा, लेकिन फिलहाल गर्मी का असर बरकरार है। अब सभी की निगाहें मौसम में होने वाले बदलाव और तापमान में गिरावट पर टिकी हैं।
16 Oct 2026