
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर स्थित बारा गांव में शुक्रवार देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच 6 से 7 हथियारबंद बदमाश वृद्ध लालाराम कलाल के घर में घुस गए। सोते हुए दंपती को दबोचकर बदमाशों ने रिवॉल्वर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित वृद्धा सरिता देवी ने बताया कि बदमाशों ने उनके और उनके पति के हाथ-पैर बांध दिए तथा मुंह पर कपड़ा ठूंस दिया। एक बदमाश ने उनके बाल पकड़कर घसीटा और सीढ़ियों के नीचे ले जाकर उनके साथ मारपीट की। इस बर्बरता में लालाराम को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश घर में रखी करीब 40 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और 7 लाख रुपये की नकदी लूटने के साथ ही घर के बाहर खड़ी कार भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी छगन पुरोहित और टीडी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है। इस बड़ी वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
16 Oct 2026