
त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से उदयपुर पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, शहर के सभी सीओ, थानाधिकारी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का यह मार्च घंटाघर, धानमंडी, हाथीपोल, सूरजपोल और अंबामाता थाना क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों से होकर गुजरा। मार्च के दौरान पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उदयपुर पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पुलिस की गश्त लगातार बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च समाप्त होने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने और आमजन से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए।

26 May 2026