
सलुम्बर के कूण थाना क्षेत्र से पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। भगवती लाल मीणा, चिराग मीणा, मंजू बाई मीणा सहित पीड़ित परिवार ने सोमवार को उदयपुर आईजी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और आरोप लगाया कि 17 मई की रात उनके घर पर गांव के ही लोगों ने हमला कर दिया। शिकायत में पीडित ने बताया कि लोगर मीणा, धना मीणा, शंकर मीणा सहित करीब 35 से 40 लोग लाठी, कुल्हाड़ी, सरिया और पत्थरों के साथ घर में घुस आए और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। परिवार का आरोप है कि इस हमले में करीब 11 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, घर में तोड़फोड़ की गई और चांदी के जेवर और नकदी भी ले गये। पीड़ितों का कहना है कि घटना के दौरान 112 और कूण थाना पुलिस को फोन किया गया, लेकिन पुलिस ने वाहन और स्टाफ की कमी का हवाला देकर आने से मना कर दिया। शिकायत में कहा गया कि करीब एक घंटे तक हमला चलता रहा। बाद में दो पुलिसकर्मी बाइक से पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर मौके पर मौजूद थे। घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई लोगों को उदयपुर रेफर किया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि बाद में जब एफआईआर दर्ज करवाने और फोटो-वीडियो सबूत दिखाने की कोशिश की गई तो पुलिस ने उनका फोन जब्त कर उन्हें थाने से भगा दिया। पीड़ितों का कहना है कि हमलावर अब भी जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं और गांव लौटने पर गर्दन काटने की बात कह रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आईजी से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

26 May 2026