
महाराष्ट्र में हाल ही में सामने आए टीसीएस धर्मांतरण मामले के बीच अब उदयपुर से जुड़ा यह नया मामला सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। इस पूरे मामले की शुरुआत मुंबई के बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी है, जहाँ पीड़ित युवक और उसकी पत्नी साथ काम करते थे। पीड़ित ने उदयपुर के सुखेर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि साल 2022 में बांद्रा ईस्ट निवासी मोहम्मद आदिल ने उसकी पत्नी को झांसे में लेकर उसका ब्रेनवॉश शुरू किया, जिसके बाद पत्नी ने हिजाब पहनना शुरू कर दिया था। आरोप है कि आदिल ने न केवल महिला को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया, बल्कि उनके संयुक्त खाते से 2 लाख 59 हजार रुपए भी ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, शारीरिक शोषण के बाद महिला का गर्भपात भी करवाया गया। पीड़ित के मुताबिक, जैसे-तैसे आदिल से पीछा छुड़ाया तो उसने अपने दोस्त और एसबीआई कर्मचारी साफिन गोडल को इस साजिश में शामिल कर लिया। साफिन ने धमकाया कि पत्नी को मोहम्मद आदिल से तो बचा लिया, लेकिन उससे नहीं बचा पाएगा। उसने बताया कि पत्नी बच्ची के साथ जल्द मुस्लिम धर्म अपना लेगी। कुछ दिनों बाद साफिन की महिला मित्र नेहा शर्मा ने कॉल कर पत्नी को मुंबई भेजने के लिए कहा। नहीं मानने पर नौकरी से बर्खास्त कराने की धमकी दी। घर में उर्दू की किताबें मिलने और पत्नी द्वारा सुसाइड की धमकी देने के बाद मामला और गंभीर हो गया। समझाइश पर पत्नी गलत कदम नहीं उठाने के लिए मान गई। उसने मुंबई से उदयपुर ट्रांसफर कराने की बात कही। ऐसे में वह बेटी और पत्नी को उदयपुर छोड़कर वापस मुंबई चले गए। 18 अप्रैल को जब पीड़ित उदयपुर आने वाला था, उससे पहले ही सुबह करीब पौने छह बजे पत्नी अपनी 9 साल की बेटी, 5 लाख रुपए नकद और सोने के जेवर लेकर साफिन गोडल के साथ फरार हो गई। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इस पूरी साजिश के पीछे कोई बड़ा धार्मिक संगठन और अपराधी जुड़े हो सकते हैं, जिनका काम दूसरे धर्म की महिलाओं का यौन शोषण और धर्मांतरण कराना है। फिलहाल, सुखेर थानाधिकारी इस मामले की तकनीकी पहलुओं से जांच कर रहे हैं। युवक ने महाराष्ट्र से डाक के जरिए जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत की थी, जिसके आधार पर अब आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पीड़ित युवक की रिपोर्ट के आधार पर धर्मांतरण के नए कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान जारी है। इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच को लेरक उदयपुर पुलिस की एक टीम मुंबई के लिए रवाना हो गयी है।

26 May 2026