
उदयपुर में बढ़ती छीना-झपटी की घटनाओं के बीच सवीना थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पीड़िता शिरीन रूही कुरैशी ने सवीना थाने में शिकायत देकर बताया कि 23 मई की रात करीब 8 बजकर 45 मिनट पर वह सवीना क्षेत्र से अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक ब्ल्यू कलर की बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और उनका पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार पर्स में जरूरी दस्तावेजों के साथ करीब 4 हजार रुपए की नकदी भी रखी हुई थी। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाई और बदमाश मौके से भाग निकले। वारदात के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सवीना थाना पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वारदात में शामिल तीनों बदमाशों की तलाश लगातार जारी है।