
उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल परिसर में बने जनाना अस्पताल में संचालित निःशुल्क भोजनशाला में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 12 बजे हुए इस हादसे के दौरान भोजनशाला में खाना तैयार किया जा रहा था और बड़ी संख्या में लोग भोजन कर रहे थे। अचानक आग भड़कने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग प्लेटें छोड़कर बाहर की तरफ दौड़ पड़े। हादसे में मालदास स्ट्रीट निवासी 65 वर्षीय सज्जन बाई मामूली रूप से झुलस गई। सज्जन बाई ने बताया कि वह पिछले डेढ़ महीने से भोजनशाला में रोटियां बनाने का काम कर रही हैं। उनके अनुसार खाना बनाने की मशीन से जुड़े बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। आग से उनकी साड़ी ने भी आग पकड़ ली, जिससे हाथ और पैर झुलस गए और सिर के आगे के बाल भी जल गए। बाद में उन्हें अस्पताल में उपचार दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र सिंह धायबाई ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर वह अपने स्टाफ के साथ नीचे पहुंचे। वहां सिलेंडर के बाहर गैस प्रेशर के कारण आग भड़क रही थी। ऐसे में हॉस्पिटल की पाइप लाइन से तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया गया और सिलेंडर के प्रेशर को रोककर उसे सड़क पर सुरक्षित जगह फेंका गया। उनका कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद भोजनशाला को बंद कर सभी सिलेंडरों को बाहर सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया। वहीं भोजनशाला संचालक अशोक कुमार ने सिलेंडर में आग लगने और किसी के झुलसने की बात से इंकार करते हुए कहा कि हादसा केवल शॉर्ट सर्किट और रद्दी में आग लगने से हुआ था। फिलहाल पूरे मामले को जांच की जा रही है।
25 May 2026