
उदयपुर के मीरा कन्या महाविद्यालय में प्रिंसिपल को एपीओ करने के मामले को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कॉलेज कैंपस में एक बार फिर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब कुछ छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। तालाबंदी की खबर फैलते ही कैंपस में भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर हाथीपोल थानाधिकारी राजूदेवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने गेट पर मौजूद छात्राओं को समझाइश दी और ताला खोलने के लिए कहा, लेकिन छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। काफी देर तक चली बहस और हंगामे के बाद जब हालात काबू में नहीं आए, तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहीं दो छात्राओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। करीब आधे घंटे बाद दोनों छात्राओं को पाबंद कर रिहा कर दिया गया। हिरासत में ली गई छात्राओं की पहचान दिव्या सालवी और रितिका सालवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एपीओ किए गए कॉलेज प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी के समर्थन में अन्य छात्राओं को एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान गेट पर ताला लगाया गया, ताकि छात्राएं बाहर न जा सकें और विरोध जारी रहे। छात्रा दिव्या सालवी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक संगठन से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि वे केवल रिजल्ट संबंधी समस्याओं और कॉलेज के माहौल को लेकर चर्चा करना चाहती थीं। विवाद की जड़ स्कूटी वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई कहासुनी को माना जा रहा है, जिसके बाद प्रिंसिपल को एपीओ किया गया। इसी कार्रवाई के बाद से कॉलेज दो गुटों में बंटा हुआ नजर आ रहा है।