
राजस्थान सरकार के बजट 2026 में उदयपुर संभाग को कई अहम सौगातें मिली हैं। विधानसभा में डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट पेश करते हुए उदयपुर को सिग्नल फ्री बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहर में नया सेंट्रल जेल भवन, अस्पतालों में विश्राम गृह और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों का ऐलान किया गया है। बजट में सलूंबर जिले और पूरे उदयपुर संभाग के लिए भी विकास योजनाएं शामिल की गई हैं। वीओ - वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा पेश किए गए बजट में उदयपुर जिले को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर जोर दिया गया है। शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए संभाग मुख्यालय उदयपुर को सिग्नल फ्री करने की घोषणा की गई है। इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर फ्लाईओवर्स और अंडरपास का जाल बिछाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से एक और बड़ा फैसला लेते हुए, उदयपुर में नवीन केंद्रीय कारागृह के नए भवन का निर्माण करवाया जाएगा, जिससे वर्तमान जेल पर दबाव कम होगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उदयपुर के सरकारी अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम गृह बनाने का ऐलान किया गया है। साथ ही, बारिश के दिनों में शहर में आने वाली आपदाओं से निपटने के लिए बाढ़ सुरक्षा के विशेष कार्य करवाए जाएंगे। युवाओं के लिए कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ मिलकर विशेष सेंटर खोलने की भी योजना है। नवगठित जिला सलूंबर के लिए भी सरकार ने खजाना खोला है। सलूंबर में जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार खोलने और पंचायतीराज के नए भवन बनाने की घोषणा की गई है। वहीं, चित्तौड़गढ़ में मेवाड़ के गौरव को दर्शाते हुए कुंभा बायो पार्क विकसित किया जाएगा। बांसवाड़ा जिले के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा में वहां फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन खोलने का निर्णय लिया गया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के अवसर मिलेंगे।

09 Feb 2026