
उदयपुर के नाई थाना क्षेत्र में उबेश्वर रोड स्थित भैरव वाटिका में रविवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक धारदार हथियार लेकर वाटिका के गेट पर तोड़फोड़ करता नजर आया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक पहले गेट और मुख्य बोर्ड पर वार करता है, इसके बाद वाटिका परिसर के अंदर घुसकर वहां मौजूद लोगों को डराता-धमकाता है। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। उस समय भैरव वाटिका में एक बर्थडे पार्टी चल रही थी, जिसमें बच्चे और महिलाएं भी मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार पार्टी में आए एक गेस्ट ने अपनी कार वाटिका के सामने पार्क कर दी थी। इसी बात को लेकर तोड़फोड़ करने वाले युवक और आयोजकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। वाटिका के मालिक कन्हैयालाल ने इस संबंध में नाई थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। प्रार्थी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दो युवक धारदार हथियार लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए वाटिका के गेट पर लगे बोर्ड को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वे वाटिका परिसर में घुस आए और समारोह में मौजूद लोगों को डराया-धमकाया। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें कानूनी कार्रवाई नहीं करने के लिए धमकियां भी दी हैं। उन्होंने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। नाई थाना थानाधिकारी गोपाल नाथ ने बताया कि उन्होंने हाल ही में थाने में ज्वाइन किया है। मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

07 Feb 2026