
उदयपुर के कुराबड रोड पर मीठा नीम क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार में चल रहा 407 ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे एक मकान में जा घुसा। हादसा इतना तेज था कि घर का मुख्य गेट पूरी तरह टूट गया, वहीं पास में बनी दुकान की दीवार भी गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 407 ट्रक सड़क पर तेज गति से आ रहा था, तभी ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से सीधे मकान में घुस गया। हादसे के दौरान घर के बाहर खड़ा एक टेंपो और मोटरसाइकिल भी ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि हादसे के समय घर के बाहर या दुकान के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि का खतरा टल गया। हालांकि तेज आवाज और दीवार गिरने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत डबोक थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त मकान, दुकान और वाहनों का जायजा लिया। डबोक थाना पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक की पहचान करने में जुटी है।
06 Feb 2026