
उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र के चांदपोल इलाके में जाड़ा गणेशजी के पास स्थित अनप्लान कैफे में देर रात तक तेज म्यूजिक बजाने से क्षेत्रवासियों का सब्र जवाब दे गया। देर रात अचानक बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कैफे के बाहर एकत्रित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख किसी ने अंबामाता थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई अजयराज सिंह मय जाब्ते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को संभालते हुए कैफे में लगे साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया और संचालक प्रदीप परिहार को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैफे में रोज रात करीब 12 से 1 बजे तक तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाया जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसआई अजयराज सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासियों की शिकायत थी कि कैफे में देर रात तक टूरिस्ट आते हैं और उनके मनोरंजन के लिए तेज आवाज में म्यूजिक बजाया जाता है। इससे आसपास के लोग सो नहीं पाते और शांति भंग होती है। वहीं, पूछताछ के दौरान कैफे संचालक ने दावा किया कि एक स्थानीय युवक कैफे में आकर ड्रिंक की मांग कर रहा था। मना करने पर उसने विवाद खड़ा किया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायत की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि नशे की हालत में टूरिस्ट बाहर निकलते हैं, झगड़ा करते हैं और अव्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क कर देते हैं। अब क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कैफे संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बनी रह सके।
06 Feb 2026