
मीरा गर्ल्स कॉलेज के गलियारे आज छात्राओं की नारेबाजी से गूंज उठे। बीए और बीएससी द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम आने के बाद से ही छात्राओं में असंतोष था। छात्राओं का कहना है कि विश्वविद्यालय ने जानबूझकर उन्हें फेल किया है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कई विषयों में परीक्षा देने के बावजूद उन्हें एब्सेंटश् दिखा दिया गया है। प्रदर्शनकारी छात्रा सुमन कुंवर ने बताया कि फीस में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है, लेकिन परिणामों के नाम पर मेधावी छात्राओं का भविष्य दांव पर लगा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब छात्राओं ने प्रिंसिपल चैंबर को बाहर से लॉक कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर ताला खुलवाया, जिसके बाद छात्राएं कॉरिडोर में धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन का दूसरा बड़ा कारण स्कूटी वितरण में देरी है। छात्राओं का कहना है कि पिछले 3 सालों से मेधावी छात्राओं के लिए आई स्कूटियां कॉलेज परिसर में खड़ी-खड़ी धूल फांक रही हैं। रखरखाव के अभाव में कई स्कूटियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, लेकिन प्रशासन इन्हें पात्र छात्राओं को आवंटित नहीं कर रहा है।

02 Feb 2026