
उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड अंतर्गत ढावा पंचायत के बाठेड़ा की सराय गांव में एक सूने घर में चोरी के बाद आगजनी कीघटना सामने आई है। पीड़ित महेंद्र कालबेलिया ने इस संबंध में डबोक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार उसकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण पूरा परिवार उन्हें लेकर मावली गया हुआ था, जिससे घर पूरी तरह सूना पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान देर रात करीब 12 बजे कुछ लोग टेंपो में सवार होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावर लाठी, तलवार सहित अन्य हथियारों से लैस थे। बदमाशों ने सबसे पहले घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारियों में रखे सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपियों ने घर के अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा फर्नीचर, बिस्तर, बिजली की फिटिंग, अनाज सहित पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इस आगजनी में अन्य कीमती सामान भी जल गये, जिससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी उस समय लगी जब पड़ोसियों ने घर से आग की लपटें उठती देखीं। पड़ोसियों ने तुरंत पीड़ित महेंद्र को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के बाद पीड़ित ने रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए डबोक थाना पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।