
कैमरे में कैद ये तस्वीरें किसी को भी झकझोर सकती हैं। 30 जनवरी की शाम करीब 7 बजे, सायरा बस स्टैंड स्थित महादेव मोबाइल शॉप पर रोड सिंह किसी काम से पहुँचे थे। वे दुकान के बाहर रखी बेंच पर बैठे और पास रखे कैम्पर से पानी पीने लगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पानी का गिलास हाथ में थामे रोड सिंह को अचानक बेचौनी हुई और अगले ही कुछ सेकंड में वे अचेत होकर बेंच पर गिर पड़े। दुकानदार और ग्राहक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही रोड सिंह की सांसें थम चुकी थीं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई और भाजपा मंडल महामंत्री बाबूसिंह खरवड़ ने बताया कि रोड सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें कोई पुरानी बीमारी नहीं थी। रोड सिंह अपने परिवार के इकलौते सहारा थे। उनके पीछे एक 21 साल का बेटा और 15 साल की दिव्यांग बेटी है। पिता के अचानक चले जाने से इस परिवार के सामने अब जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।घटना के बाद से चरावों का गुड़ा गांव में सन्नाटा पसरा है और गमगीन माहौल के चलते ग्रामीणों ने अपने घरों में चूल्हे तक नहीं जलाए। सीसीटीवी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो हर किसी को अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दे रहा है।