
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर रोड किनारे एक घर के गेट को तोड़कर अंदर जा घुसी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोहे का गेट टूटकर दूर जा गिरा और कार दीवार में जा भिड़ी। कार सवार मौके से फरार हो गया। वहीं, तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए। वे तुरंत उठकर बाहर आए। कार और गेट की हालत देखकर हैरान रह गए। परिवार ने तुरंत सुखेर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। उसमें से एक कार्टन शराब की बोतलें मिली।। मकान मालिक अंशुल कुमावत ने इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना रात 1:30 बजे की शोभागपुरा स्थित माधव विहार की है। जब फॉक्सवेगन टाइगुन तेज रफ्तार कार रोड पर सीधे जाते हुए अचानक टर्न लेकर घर में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का गेट टूट गया और गेट की दीवार भी क्षतिग्रसत हो गई। कार का भी बोनट पूरी तरह टूट गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार और उसमें रखी शराब भी जब्त कर ली है। वहीं, फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।