
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के बावलिया पाड़ा गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल में खेलते हुए तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय छात्र राधेश्याम की आंखों में गलती से फेवीक्विक गिर गया। आंखों में तेज जलन के कारण मासूम ने घबराकर आंखों को मसल लिया, जिससे कुछ ही पलों में दोनों आंखों की पलकें बुरी तरह आपस में चिपक गईं। बच्चे के तेज रोने और चीख-पुकार पर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने की कोशिश की। तत्काल परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग बच्चे को लेकर कुशलगढ़ अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन आंखों की गंभीर स्थिति और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने राधेश्याम को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर स्थित एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार फेवीक्विक में मौजूद केमिकल के कारण आंखों की पलकें चिपक गई थीं, जिससे बिना विशेषज्ञ उपचार के उन्हें खोलना संभव नहीं था। वहीं इस हादसे ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी और स्कूल परिसर में खतरनाक सामग्री की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि स्कूलों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

31 Jan 2026