
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र के वाना चौराहे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पुलिस की नाकाबंदी देख अपनी दिशा बदल ली। मंगलवाड़ की तरफ से आ रही गुजरात नंबर की इस स्कॉर्पियो के चालक ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी को रॉन्ग साइड में दौड़ाना शुरू कर दिया। तस्करों के इस खतरनाक मंसूबे को भांपते हुए कांस्टेबल कुलदीप ने दौड़कर गाड़ी के आगे कीलों वाली पट्टी स्टॉप स्टिक बिछा दी। कीलों के ऊपर से गुजरते ही स्कॉर्पियो का अगला टायर धमाके के साथ फट गया, लेकिन तस्करों की सनक ऐसी थी कि वे फटे टायर के साथ ही गाड़ी को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए। पुलिस टीम ने जब चारों तरफ से घेराबंदी की, तो आरोपी घने अंधेरे का फायदा उठाते हुए पास के जंगलों में ओझल हो गए। जब पुलिस ने लावारिस मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। गाड़ी के अंदर पिछली सीटों को हटाकर प्लास्टिक के 22 कट्टे भरे हुए थे, जिनमें कुल 468 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा छिपाया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को गाड़ी से 5 अलग-अलग जिलों की फर्जी नंबर प्लेट्स भी बरामद हुई हैं, जिन्हें तस्कर पुलिस की पहचान से बचने के लिए इस्तेमाल करते थे। फिलहाल, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और चेचिस नंबर के जरिए वाहन के असली मालिक तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच कानोड थानाधिकारी मुकेश चंद को सौंपी गई है, जो फरार तस्करों के नेटवर्क को खंगाल रहे हैं।