
सज्जनगढ़ अभयारण्य में तैयार की जा रही नई लॉयन सफारी में शेरों के जोड़े को अभ्यास के तौर पर छोड़ा गया था, ताकि सफारी शुरू होने से पहले वे नए वातावरण में अपने आप को ढाल सके । गुजरात के जूनागढ़ स्थित सक्करबाग चिड़ियाघर से एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत लाए गए 7 वर्षीय शेर सम्राट और 3 वर्षीय शेरनी सुनयना को सोमवार को होल्डिंग एरिया से करीब 20 हेक्टेयर में फैले खुले बाड़े में छोड़ा गया। सम्राट तो तय समय पर नाइट शेल्टर में लौट आया, लेकिन शेरनी सुनयना पिछले चार दिनों से शेल्टर तक नहीं पहुंची है। हालांकि बुधवार को उसे सफारी की झाड़ियों में देखा गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह सफारी क्षेत्र के अंदर ही मौजूद है। बावजूद इसके, शेल्टर में वापस न लौटने और फेंसिंग के बाहर लगातार इंसानी आवाजाही होने के कारण किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी वजह से वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शेरनी की तलाश और निगरानी के लिए वनकर्मी सफारी के ऊपरी हिस्से में स्थित क्लाउड-9 के कमरों की छतों से नजर रखे हुए हैं। इसके साथ ही ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं और ढोल बजाकर उसकी मूवमेंट पर नजर रखने के साथ उसे शेल्टर की ओर लाने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि सुनयना सफारी क्षेत्र के भीतर ही है और जल्द ही शेल्टर में लौट आएगी। वाइल्डलाइफ विंग उदयपुर के उप वन संरक्षक यादवेंद्र सिंह चूंडावत के अनुसार, अगले माह लॉयन सफारी के उद्घाटन की तैयारी को देखते हुए शेरों के जोड़े को रिलीज किया गया था। शेर नियमित रूप से शेल्टर में लौट रहा है, जबकि शेरनी को जंगल रास आ गया है। क्षेत्र में घास और झाड़ियां अधिक होने से वह बार-बार छिप जाती है। कुछ दिनों में वह अपनी खाने-पीने की जगह पहचान लेगी। आपको बता दे की शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित सज्जनगढ़ अभयारण्य में 24 जून 2024 को लॉयन सफारी का शिलान्यास हुआ था। चारों ओर लोहे की फेंसिंग और चारदीवारी से सुरक्षित इस सफारी को अगले माह शुरू करने की तैयारी है।