
उदयपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ यूडीए कमिश्नर राहुल जैन के निर्देशन में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को राजस्व ग्राम कालारोही के आराजी संख्या 822 पर स्थित होटल आर्याइन पर प्राधिकरण ने सीज की कार्रवाही को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि निर्माणकर्ता ने फार्म हाउस की जमीन पर बिना किसी मंजूरी के बहुमंजिला होटल खड़ी कर दी थी और धड़ल्ले से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि इस अवैध निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण अधिनियम-2023 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, निर्माणकर्ता ने रूपांतरण या स्वीकृति के कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किए, जिसके बाद आज उपायुक्त सुरेंद्र बी पाटीदार के नेतृत्व में यूडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल को पूरी तरह सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार रणजीतसिंह विठू सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि यूडीए की टीम ने इससे ठीक एक दिन पहले गुरुवार को कलड़वास क्षेत्र में भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया था। वहां शिवलाल पटेल द्वारा भवानी होटल के नाम से किए गए अवैध व्यावसायिक निर्माण को सीज किया गया था। प्राधिकरण ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुमोदित प्लान के विरुद्ध या बिना रूपांतरण के किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। एक के बाद एक हुई इन दो बड़ी कार्यवाहियों ने शहर के उन होटल संचालकों की नींद उड़ा दी है जो नियमों को ताक पर रखकर बिना स्वीकृति इमारतें तान रहे हैं। यूडीए प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।