
उदयपुर में भीषण गर्मी में लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे हिरण मगरी क्षेत्र के लोगों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। हिरण मगरी सेक्टर 5 के शांति नगर, गायत्री नगर, काशीपुरी और मनवाखेड़ा क्षेत्र की महिलाओं ने जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए सेक्टर-4 स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता का घेराव किया और विरोध स्वरूप खाली मटके भेंट किए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके क्षेत्रों में लंबे समय से पानी कम दबाव से आ रहा है। इसके अलावा जलापूर्ति का समय भी बेहद कम है और कई बार मात्र 10 मिनट तक ही पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसी स्थिति में घरों की दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि पानी की समस्या के कारण उन्हें रोजाना अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता विष्णु पटेल ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत आवश्यकता से जुड़े इस मुद्दे पर अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में किसान नेता विष्णु पटेल, मनोज बंसल, देवेंद्र माली, राज लुज, भंवर लाल, वंदना राठौड़, रिना, कविता, कृष्णा, गीता कालरा, मंजू ककड़, सोनिया टेलर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की।

04 Jun 2026