
कानोड़ थाना क्षेत्र के गोपा की भागल में सामने आए इस मामले में पीड़ित पिता सुरेश मीणा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के मुताबिक सुरेश मीणा ने अपनी पत्नी सवीता और उसके प्रेमी लक्ष्मण पर सुनियोजित तरीके से साजिश रचने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सवीता अपनी दोनों मासूम बच्चियों को घर से बाहर झाड़ियों में अकेला और असुरक्षित हालत में छोड़कर लक्ष्मण के साथ चली गई। झाड़ियों में बच्चियां अकेली पड़ी थीं। इसी दौरान गांव के कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। बच्चियों के रोने और कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी दिखाई और दोनों मासूम बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया। समय रहते राहगीर मौके पर नहीं पहुंचते तो कुत्तों के हमले से बच्चियों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरेश मीणा की शिकायत पर कानोड़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले में आरोपी महिला सवीता मीणा और 8 अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कानाराम कर रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करने के साथ आरोपों से जुड़े तथ्यों और सभी आरोपियों की भूमिका को लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

21 Aug 2026