
उदयपुर की भींडर थाना पुलिस ने पीड़िता को बातों में उलझाकर चांदी के कड़े ठगने के मामले में शुक्रवार को तीन महिलाओं को अजमेर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने पीड़िता को अपनी बातों में फंसाया और उसके हाथों से चांदी के कड़े खुलवाकर फरार हो गई थीं। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश करते हुए तीनों महिलाओं को अजमेर से दबोच लिया। सरवाड़ में कालबेलिया बस्ती में निवास करती हैं आरोपी महिलाएं थानाधिकारी मुकेश चन्द्र ने बताया कि टीम द्वारा संदिग्ध महिलाओं की जानकारी जुटाई गई। भींडर, मंगलवाड़, भादसोड़ा, चित्तौड़गढ़, गंगरार और भीलवाड़ा रूट चेक करते हुए पुलिस की टीम अजमेर के सरवाड़ पहुंची।जहां पता लगा कि घटना को अंजाम देने वाली महिलाएं सरवाड़ में कालबेलिया बस्ती में निवास करती हैं। जिस पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी महिला रेखा पत्नी राजूनाथ कालबेलिया, लक्ष्मी देवी पत्नी सोनूनाथ कालबेलिया और मसुरी पत्नी रमेशनाथ कालबेलिया को गिरफ्तार किया है। इनसे चांदी के कड़े बरामदगी के प्रयास जारी हैं। बातों में उलझाकर वश में किया और कड़े खुलवा लिए थे प्रार्थी ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि 14 अगस्त 2026 को 4 महिलाएं मेरे घर पर आईं थी। मुझे बोली कि हमें प्यास लगी है जिस पर मैंने उन्हें पानी पिलाया। इसी दौरान इन महिलाओं ने मुझे बातों में उलझाकर अपने वश में करके मेरे पैर से चांदी के कड़े खुलवा लिए। फिर कहा कि इन्हें घंटेभर में वापस लाकर दे देंगी। यह कहते हुए महिलाएं फरार हो गईं थीं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने टीम गठित की। आसपास रास्तों की सीसीटीवी खंगाले और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए महिलाओं का पीछा किया।

21 Aug 2026