
भीलवाडा के भीमगंज थाना क्षेत्र में दर्ज 13 लाख रुपए की चोरी की वारदात की जांच जब आगे बढ़ी तो पुलिस को हर कदम पर कई सवालों के जवाब तलाशने पड़े। प्रॉपर्टी डीलर संदीप कुमार ने 23 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात वह अपनी पत्नी क्षिप्रा जैन के साथ बाजार से लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला, सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे बैग से 13 लाख रुपए गायब थे। यह रकम एक प्लॉट की बिक्री के बाद किसी अन्य व्यक्ति को भुगतान के लिए रखी गई थी। खुद पत्नी ने ही एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी थी। भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सामने आया कि घटना के दौरान न कोई संदिग्ध व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और न ही बाहर निकला। वहीं संदीप की मां भी करीब एक घंटे तक घर के बाहर मौजूद थीं। इससे पुलिस का शक घर के किसी सदस्य पर गहरा गया। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने क्षिप्रा जैन से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि एमबीए पास क्षिप्रा शादी से पहले से ही ऑनलाइन गेमिंग की आदी थी। जनवरी 2026 में वह ड्रैगन गेम में साढ़े चार लाख रुपए जीत चुकी थी। इसके बाद अधिक रकम जीतने के लालच में लगातार पैसे लगाती रही और अपनी जीती हुई रकम के साथ निजी बचत भी हार गई। इसके बाद उसने पति के घर में रखे 13 लाख रुपए धीरे-धीरे निकालकर गेमिंग में लगा दिए। पूरी रकम हारने के बाद शक से बचने के लिए चोरी की झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने सोमवार को क्षिप्रा जैन को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि पुलिस बैंक खातों, लेनदेन और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रकम किस माध्यम से गेमिंग में लगाई गई और शेष राशि की बरामदगी की जा सके।

01 Jul 2026