
खेरवाड़ा कस्बे के निचला खेरवाड़ा स्थित जयप्रकाश कॉलोनी में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आबादी के बीच स्थित दो सगे भाइयों के मकानों को निशाना बनाते हुए बदमाश लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और करीब दो लाख रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक हीरालाल पटेल के घर में घटना के समय उनकी पत्नी और एक बेटा मौजूद थे। बदमाश रसोईघर की खिड़की तोड़कर मकान में दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए। इसके बाद चोरों ने पास में रहने वाले उनके छोटे भाई के मकान को भी निशाना बनाया, जहां अलमारी और पलंग पेटी तोड़कर लाखों रुपए के जेवर चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने आसपास के कई घरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें देख न सके। घटना स्थल पर लकड़ी के लठ भी मिले हैं, जिन्हें देखकर आशंका जताई जा रही है कि यदि परिवार का कोई सदस्य जाग जाता तो बदमाश हमला करने की तैयारी में थे। घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब पीड़ित परिवार के बड़े भाई मॉर्निंग वॉक पर जाने के लिए उठे और घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने सामने रहने वाले अपने बेटे को फोन कर बुलाया, जिसके बाद दोनों मकानों में चोरी की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि हीरालाल पटेल दस दिन पहले ही विदेश रोजगार के लिए गए थे और परिवार ने बेटियों की शादी के लिए वर्षों से जेवर और नकदी जमा कर रखी थी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर खेरवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

01 Jul 2026