
उदयपुर शहर में बढ़ती छेड़छाड़, हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए उदयपुर पुलिस ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को एक्टिव मोड पर रखा हुआ है। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में 9 मई से शुरू किए गए डिकॉय ऑपरेशन के तहत पुलिस टीम लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर रही है। इस अभियान की खास बात यह है कि महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में देर रात तक पेट्रोलिंग कर रही हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस की नजर खास तौर पर पार्क, स्कूल-कॉलेज के आसपास, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर है। वहीं उन स्थानों पर भी फोकस किया जा रहा है, जहां महिलाओं और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ या चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं की आशंका रहती है।इसी अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने घंटाघर और अंबामाता थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते और अनुचित व्यवहार करते हुए पकड़ा। सभी आरोपियों को संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से डिटेन किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कार भी जब्त की है। एडिशनल एसपी सिटी उमेश ओझा के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि शहर के संवेदनशील इलाकों में यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
14 May 2026