
उदयपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल Fateh Sagar पर गुरुवार शाम एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जब फतह सागर की पाल पर टहल रहे थे, तभी उनकी नजर वहां रंग-बिरंगे गुब्बारे बेच रहे छोटे बच्चों पर पड़ी। बच्चों को देखते ही गहलोत सीधे उनके पास पहुंच गए और बेहद सहज अंदाज में बातचीत शुरू कर दी।पूर्व मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके नाम पूछे, पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और यह भी जाना कि वे कब से गुब्बारे बेच रहे हैं। इस दौरान गहलोत का व्यवहार पूरी तरह आत्मीय नजर आया। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के बड़ी मासूमियत से उनके सवालों के जवाब दिए। फतह सागर की पाल पर हुए इस भावुक संवाद को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग पूर्व मुख्यमंत्री के इस जमीनी अंदाज और संवेदनशील व्यवहार की जमकर सराहना कर रहे हैं।उधर, उदयपुर में इन दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि सभी नेता महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ नेता के पारिवारिक समारोह में शामिल होने उदयपुर पहुंचे हैं। इसी व्यस्त कार्यक्रम के बीच अशोक गहलोत का बच्चों के बीच पहुंचना अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

14 May 2026