
लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। राजस्थान में एक बार फिर ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की गई है। उदयपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 113 रुपए 49 पैसे प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल अब 98 रुपए 52 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं राजधानी जयपुर में पेट्रोल 109 रुपए 84 पैसे से बढ़कर 112 रुपए 66 पैसे और डीजल 95 रुपए 5 पैसे से बढ़कर 97 रुपए 78 पैसे प्रति लीटर हो गया है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार मई महीने में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। 15 मई को 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद 19 मई को करीब 90 पैसे, 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ। इसके बाद 25 मई को फिर पेट्रोल 2 रुपए 61 पैसे और डीजल 2 रुपए 71 पैसे प्रति लीटर महंगा कर दिया गया। ईंधन की बढ़ती कीमतों के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल को मुख्य वजह माना जा रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। इससे तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा और घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में इजाफा किया गया। विपक्ष ने बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य सरकार से वैट कम करने की मांग की है। विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर मालभाड़े, खेती की लागत, बस-ऑटो किराए और रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियां, फल और राशन महंगे हो सकते हैं, जबकि किसानों के लिए ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाना भी ज्यादा खर्चीला हो जाएगा।

25 May 2026