
सवीना थाना पुलिस के मुताबिक पीड़िता वर्तमान में उदयपुर में पढ़ाई कर रही है। रिपोर्ट में युवती ने बताया कि उसकी पहचान डूंगरपुर निवासी हिमांशु पटेल से हुई थी। जो वर्तमान में उदयपुर में रह रहा है। दोनों के बीच पिछले करीब एक साल से बातचीत चल रही थी। 14 मई की रात आरोपी हिमांशु पटेल ने उसे डिनर के लिए बुलाया। उस समय युवती अपनी सहेली के कमरे पर मौजूद थी। आरोपी कार लेकर वहां पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी युवती को 80 फीट रोड इलाके के एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने कार लॉक कर दी। रिपोर्ट में युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ जबरन अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट की गई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। युवती ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया-धमकाया। इतना ही नहीं, आरोपी पर जबरन गर्भ निरोधक गोली खिलाने का आरोप भी लगाया गया है। बाद में आरोपी युवती को उसके कमरे के बाहर छोड़कर चला गया। पीड़िता के अनुसार घटना के बाद भी आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद सवीना थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

25 May 2026