
उदयपुर की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 62 लाख रुपए कीमत का डोडा चूरा बरामद किया है। टीम ने तस्करों का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया, जिसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो जंगल में छोड़कर फरार हो गए।टीम ने राजसमंद की केलवा पुलिस के सहयोग से गाड़ी से अवैध 4 क्विंटल 13 किलो डोडा चूरा बरामद किया है। फिलहाल फरार तस्करों की तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।ANTF के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। राजसमंद जिले से अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा की बड़ी खेप स्कॉर्पियो कार में छिपाकर मारवाड़ की तरफ ले जाई जा रही थी, जिसे बरामद किया गया।IG विकास कुमार ने बताया कि सबसे पहले सूचना उदयपुर ANTF टीम को मिली कि RJ-27 UC2333 नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो में मेवाड़ से माल भरकर गोगुंदा, केलवा, रणकपुर के रास्ते मारवाड़ ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम की ओर से सिविल ड्रेस में निगरानी रखी गई।जब स्कॉर्पियो दिखी तो ANTF टीम ने तुरंत स्कॉर्पियो का पीछा करना शुरू कर दिया और आगे केलवा थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई। सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की।नाकाबंदी के दौरान केलवा पुलिस और उदयपुर ANTF ने 20 किलोमीटर तक स्कॉर्पियो सवार तस्करों का पीछा किया, लेकिन तस्कर नाकाबंदी तोड़ते हुए अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठा स्कॉर्पियो छोड़कर भाग गए। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 4 क्विंटल 13 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया।एएनटीएफ पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल रही टीम को विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

25 May 2026