
डबोक थाना क्षेत्र के हरियाव गांव में मेघवाल समाज की बिंदोली पर हुए पथराव मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहा है। मावली सीओ आसिमा वासवानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक संदेशों और अफवाहों पर विश्वास नहीं किया जाए। अधिकारियों का कहना है कि माहौल खराब करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दे कि पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब 112 नंबर के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाव गांव में पूजा मेघवाल की बिंदोली के दौरान असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ बदमाशों को डिटेन कर धारा 151 के तहत पाबंद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 30 अप्रैल को सुबह करीब 3 बजे नामजद आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 मई को चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान अन्य नामजद आरोपियों की कॉल डिटेल खंगाली गई, जिसमें उनकी लोकेशन उदयपुर के बजाय गुजरात में मिली। इसी आधार पर पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आगे की कार्रवाई कर रही है। पथराव की घटना में घायल लोगों का मेडिकल भी करवाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी चोटें ब्लंट नेचर की पाई गई हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा नहीं करने की अपील की है।

20 May 2026