
सायरा थाना क्षेत्र स्थित तिरोल गांव में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली की डीपी से कॉपर और तेल चोरी करने का प्रयास कर रहे दो युवक करन्ट की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार दोनों युवक चालू लाइन वाले ट्रांसफार्मर पर चढ़े हुए थे और कॉपर निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज करन्ट दौड़ गया और दोनों युवक जोरदार झटके के साथ नीचे गिर पड़े। हादसा इतना खतरनाक था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण भी दहशत में आ गए। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करन्ट लगते ही जोरदार आवाज हुई और दोनों युवक जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद इलाके में बिजली ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा और लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

20 May 2026