
जालोर जिले के बागोड़ा क्षेत्र के दादाल गांव में इंडस्ट्रियल पार्क को लेकर चल रहा विरोध अब टकराव की स्थिति तक पहुंच गया है। ग्रामीण पिछले छह दिनों से धरने पर बैठकर इंडस्ट्रियल पार्क के लिए भूमि आवंटन का विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता थान सिंह डोली भी धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के समर्थन में नारेबाजी की। इसी दौरान इंडस्ट्रियल पार्क प्रबंधन की ओर से ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनों के जरिए जमीन समतल करने का काम शुरू किया गया। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए साफ कहा कि वे इस जमीन पर इंडस्ट्रियल पार्क नहीं बनने देंगे। आरोप है कि विरोध के दौरान कंपनी स्टाफ की तरफ से तेज रफ्तार में ट्रैक्टर दौड़ाए गए, जिससे धरना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें डराने और दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। वहीं दूसरी तरफ कंपनी स्टाफ ने ग्रामीणों पर पथराव करने और काम में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर बागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इंडस्ट्रियल पार्क प्रबंधन से जुड़े अशोक जैन ने बताया कि सरकार के साथ एमओयू साइन होने के बाद करीब एक महीने पहले 8 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई थी। यहां हॉस्पिटल, सोलर फार्म, बैटरी स्टोरेज और अन्य फैक्ट्रियां स्थापित करने की योजना है, जिसके तहत जमीन समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था।

20 May 2026