
भाजपा की चौपाल ग्राम रथ योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। रावलिया कला स्थित ऋषि राय धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जेसीबी से पुष्प वर्षा के बीच पूरे आयोजन में राजनीतिक उत्साह देखने को मिला। इसी दौरान सायरा सरपंच संघ अध्यक्ष वालाराम गमेती, सायरा सरपंच सुरमा राम गरासिया, करदा सरपंच टमु बाई और सीमांद सरपंच एवं वार्ड पंच वना राम गमेती ने कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा सिंघाड़ा के फूलाराम, सेमड़ के वनाराम और सामल के प्रकाश गमेती सहित गोगुंदा और सायरा क्षेत्र के कुल 51 लोगों ने भाजपा का दामन थामा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती, प्रदेश उपाध्यक्ष और संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर और प्रदेश मंत्री मोतीलाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए। उदयपुर प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान के गणेश घाटी स्थित निवास भी पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान भाजपा शहर और देहात संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

12 May 2026