
उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र की माली कॉलोनी स्थित 100 फीट रोड पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार और बाइक सवार कुछ लोग एक युवक के पीछे दौड़ते हुए पहुंचे और उसके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित युवक जान बचाने के लिए सड़क किनारे स्थित एक कपड़े की दुकान में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान के अंदर घुसकर युवक को लात-घूंसों से पीटा और दुकान में तोड़फोड़ भी की। अचानक हुई इस घटना से आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर जमा हो गए और बीच-बचाव करते हुए युवक को बचाने का प्रयास किया। दुकानदारों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक ने बताया कि उसने 16 मार्च को अपनी गर्लफ्रेंड से शादी की थी। इस विवाह से युवती पक्ष और समाज के कुछ लोग नाराज चल रहे थे। युवक का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उस पर हमला करवाया गया। पुलिस के मुताबिक युवक अपनी गाड़ी में आई तकनीकी खराबी ठीक कराने के लिए जा रहा था। तभी ब्रेजा कार और बाइक पर सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। युवक बचने के लिए अलग-अलग दुकानों की ओर भागता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उसके पीछे लगे रहे। घटना की सूचना पर हिरण मगरी थानाधिकारी रविंद्र चारण के निर्देशन में एसआई मोहन सिंह और कॉन्स्टेबल रामवतार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। थानाधिकारी रविंद्र चारण ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
12 May 2026