
एमबी हॉस्पीटल की मोर्चरी के बाहर मंगलवार को माहौल तनाव पूर्ण हो गया। सडक हादसे में हुई मौत को लेकर यह लोग प्रशासन ने न्याय की गुहार के लिए प्रदर्शन कर रहे है। मामला 10 मई की शाम का है, जब सियालपुरा निवासी नंदलाल राव अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें पेसिफिक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अब परिजन और समाज के लोग इसे महज सड़क हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या है और पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है। उनका कहना है कि घटना के दो दिन बाद भी न तो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और न ही घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है। मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मृतक नंदलाल के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिवार में दो छोटे बच्चे और 85 वर्षीय दिव्यांग मां हैं, ऐसे में पुरे परिवार के उपर अब आर्थिक संकट आ गया है। समाज के प्रतिनिधि विजेंद्र राव ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो मृतक का शव आरोपियों के घर के बाहर ले जाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे किसी छोटे समझौते के लिए तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। परिजनों और समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगे नही मानी जायेगी तब तक शव का पोस्टमार्टम नही करवाने देंगे। स्थिति को देखते हुए मोर्चरी के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी परिजनों और समाज के लोगों से समझाइश करने में जुटे हुए हैं।
12 May 2026