
उदयपुर शहर में बढ़ते सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को देखते हुए नगर निगम ने सोमवार से विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी अभियान के तहत निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी अपनी टीम के साथ कृषि उपज मंडी पहुंचे। यहां लघु एवं वन उपज के गोदाम की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग बरामद किए गए। जांच के दौरान दुकान नंबर 9 ए की प्रथम मंजिल पर स्थित गोदाम में प्लास्टिक के कट्टों में अलग-अलग रंगों के सिंगल यूज प्लास्टिक कैरी बैग रखे मिले। मौके पर मौजूद दिनेश जैन के गोदाम से कुल 21 बैग जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 4 क्विंटल 68 किलोग्राम निकला। नगर निगम ने पूरे स्टॉक को जब्त करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण, उपयोग, भंडारण, खरीद-बिक्री और परिवहन दंडनीय अपराध है। इसके तहत दोषी पाए जाने पर 5 वर्ष तक का कारावास या 1 लाख रुपए तक का जुर्माना, या दोनों सजा हो सकती है। साथ ही राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। आयुक्त ने कहा कि पहले भी निगम द्वारा लगातार कार्रवाई के चलते शहर में प्लास्टिक का कारोबार लगभग बंद हो गया था, लेकिन अभियान धीमा पड़ते ही कुछ व्यापारियों ने फिर से प्रतिबंधित प्लास्टिक का कारोबार शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर निगम ने दोबारा सख्त अभियान शुरू किया है। निगम प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से कपड़े या बायोडिग्रेडेबल थैलियों का उपयोग करने और Beat Plastic Pollution अभियान में सहयोग की अपील की है।

12 May 2026