
उदयपुर के टीला का खेड़ा इलाके में बुधवार को फाइव स्टार होटल राफेल के वाहन की चपेट में आने से लोकेश भोई नाम के युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतक अपने परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था, जिसके जाने के बाद उसकी पत्नी और मासूम बच्चे के भरण-पोषण पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। हादसे के बाद से ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और दुर्घटनास्थल पर ही ग्रामीण महिलाएं धरने पर बैठ गईं। गुरुवार शाम तक भी मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। हादसे के बाद ग्रामीणों का उग्र रूप और बढ़ता माहौल देखकर उदयसागर में होटल राफेल की अवैध जेटी को हटा दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव के छोटे और बेहद संकरे रास्ते से होटल प्रबंधन के भारी वाहन और गाड़ियां तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जो आए दिन हादसों का कारण बनते हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि होटल की इस मनमानी और अवैध अतिक्रमण की वजह से ही यह दर्दनाक हादसा हुआ है। घटनास्थल पर माहौल गरमाने पर भीम आर्मी के रोशन लाल मेघवाल, पूर्व सरपंच औनार सिंह देवड़ा, मण्डल उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार टांक, पूर्व वार्ड पंच गोपाल सिंह और शंकर पटेल पहुंचे। वहीं शाम को उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों की मांग पर हादसे में होटल का वाहन होने की आशंका की रिपोर्ट दर्ज हुई। मामला दर्ज होने के बाद परिवारजन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंचे।

28 Oct 2026